कटघोरा : ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, कार जलकर खाक

कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरा टॉकीज वार्ड क्रमांक 7 में देर रात ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग ट्रांसफार्मर के नीचे जमा कचरे के ढेर में भड़क उठी और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

आग की चपेट में पास खड़ी एक कार भी आ गई, जो पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।

घटना के बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के नीचे लंबे समय से कचरा जमा था, जिसकी शिकायत पहले भी की गई थी।

फिलहाल क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर की मरम्मत का कार्य जारी है और प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।