Monday, May 18, 2026

कटघोरा में सियासी हलचल : भाजपा नेता हत्या का आरोपी जेल से पहुंचा नामांकन भरने

कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से राजनीति का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भाजपा नेता की हत्या के आरोप में जेल में बंद आरोपी अब उसी सीट से चुनाव मैदान में उतर गया है, जो हत्या के बाद खाली हुई थी। मामला पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत क्षेत्र की बिझरा सीट का है।

जानकारी के मुताबिक, हत्या के आरोपी Mustaq Ahmad को सोमवार को बिलासपुर जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच नामांकन दाखिल कराने लाया गया। पुलिस सुरक्षा और हथकड़ियों के बीच पहुंचे मुस्ताक अहमद ने जनपद सदस्य पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

बताया जा रहा है कि 23 दिसंबर को ग्राम केशलपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जनपद उपाध्यक्ष Akshay Garg की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। उन पर कुल्हाड़ी और चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया था, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी।

पुलिस जांच में सामने आया था कि हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश प्रमुख वजह थी। मामले में मुस्ताक अहमद को मुख्य आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया गया था और तब से वह जेल में बंद है।

अब हत्या के आरोपी के चुनाव मैदान में उतरने से क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है। इस घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वहीं स्थानीय लोगों के बीच भी इसे लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।