Monday, October 19, 2026

कटघोरा में हाथियों का आतंक, 52 हाथियों का झुंड धान की फसल चट कर रहा

कोरबा। कटघोरा वन मंडल में बड़ी संख्या में हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों और वाहन चालकों की चिंता बढ़ गई है। पसान रेंज के तनेरा (जलके) क्षेत्र में 52 हाथियों का झुंड क्रेशर के आसपास मंडरा रहा है और धान की फसल को चट कर रहा है। इस वजह से राहगीरों और वाहन चालकों को संभलकर चलना पड़ रहा है।

18 सितंबर की रात लगभग 9 बजे झुंड से अलग होकर एक दंतैल हाथी ने रानीअटारी मार्ग तनेरा घाटी के आसपास एक कोयला लोड ट्रेलर को रोक दिया। वाहन चालक विजय और परिचालक सहित कई लोग दहशत में आ गए। हाथी ने आधे घंटे तक मार्ग को अवरुद्ध किया। बाद में चिंघाड़ते हुए जंगल की ओर चले जाने के बाद ही चालक ने राहत की सांस ली और वाहन को आगे बढ़ाया।

इस बीच, 12 हाथियों का एक अन्य दल सरगुजा की ओर रवाना हो गया। यह दल पहले केंदई रेंज के धजाक जंगल में ठहरा था और रात में मूवमेंट करते हुए मदनपुर सर्किल के जंगल को पार कर आज सुबह लगभग सरगुजा फारेस्ट डिवीजन की सीमा में प्रवेश कर गया। रास्ते में हाथियों ने कई ग्रामीणों की धान की फसल को नष्ट कर दिया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ।

वन विभाग और क्षेत्र के ग्रामीणों ने 12 हाथियों के अन्यत्र चले जाने से राहत की सांस ली है। वन विभाग का कहना है कि हाथियों का यह झुंड पिछले सप्ताह जिले में आया था और रात में बाहर निकलकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहा था। वन विभाग लगातार इस झुंड पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।