कपिलेश्वर महादेव मंदिर में अनोखा दृश्य, मां दुर्गा की प्रतिमा पर बैठा उल्लू

बालोद शहर के 13वीं–14वीं सदी के नागवंशी कालीन कपिलेश्वर महादेव मंदिर में रविवार शाम एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। मंदिर परिसर में भगवान शिव के पास स्थित मां दुर्गा के मंदिर में पूजा के दौरान अचानक एक उल्लू आकर प्रतिमा के सिर पर बैठ गया, जिसे देख श्रद्धालु आश्चर्यचकित रह गए।

मंदिर समिति के सदस्य यशवंत साहू के अनुसार, महाआरती के बाद जैसे ही मां दुर्गा की पूजा समाप्त होने लगी, तभी उल्लू आकर प्रतिमा पर बैठ गया। इस घटना को देखकर मंदिर में मौजूद लोगों की भीड़ बढ़ गई और कई श्रद्धालुओं ने इसे आस्था से जोड़ते हुए मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाए।

कुछ देर बाद उल्लू स्वयं उड़ गया, लेकिन तब तक बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंच चुके थे। प्राचीन और ऐतिहासिक महत्व वाले इस मंदिर में हर वर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।