कोरबा 05 अप्रैल 2022। प्रति मंगलवार आयोजित होने वाले जनचौपाल में आज जिले वासियों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने कलेक्टोरेट सभा कक्ष में आयोजित जनचौपाल में लोगों की समस्याएं सुनी और उनके त्वरित निदान के लिए उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने जन चौपाल में आए राशन, पेंशन, बिजली, आवास आदि की समस्याओं से संबंधित आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्य करते हुए शिकायतों के त्वरित निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्रीमती साहू ने जनचौपाल में राशन,पेंशन और राजस्व प्रकरणो आये आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए पात्रता परीक्षण के लिए अलग से काऊंटर बनाकर अधिकारी-कर्मचारियों के ड्यूटी लगाने के निर्देश दिये। जनचौपाल में जिले के दूर दराज के इलाकों सहित शहरी क्षेत्रों से भी लोग कलेक्टोरट पहुंचे। आज जन चौपाल में आज 125 लोगों ने कलेक्टर श्रीमती साहू को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। जनचौपाल में आज कोहड़िया निवासी श्रीमती श्यामबाई पटेल ने जमीन अधिग्रहण के एवज में मुआवजा राशि दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किये। उन्होने फोरलेन सड़क निमार्ण में जमीन अधिग्रहण किये जाने के पश्चात मुआवजा राशि नहीं दिये जाने की शिकायत की। कलेक्टर श्रीमती साहू ने आवेदन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीएम कोरबा को पूरे मामले की जांचकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। जनचौपाल में जिला पंचायत के सीईओ श्री नूतन कंवर, अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, नगर निगम आयुक्त श्री प्रभाकर पाण्डेय सहित सभी अनुविभागों के एसडीएम और सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।