कोरबा /कोरोना संक्रमण के कारण ऐहतियात के तौर पर लंबे समय से स्थगित जनचौपाल कलेक्टर श्रीमती रानू साहू की पहल पर आज फिर से शुरू हो गई है। कलेक्टर श्रीमती साहू ने आज समय सीमा की साप्ताहिक बैठक के बाद कलेक्टोरेट सभा कक्ष में जिलावासियों की समस्याएं सुनी और उनके त्वरित निदान के लिए उपस्थित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देशित किया। लंबे समय से स्थगित जनचौपाल के शुरू होने पर आज पहले मंगलवार को जिले के दूर दराज के इलाकों सहित शहरी क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग कलेक्टोरट पहुंचे। आज जन चौपाल में 60 लोगों ने कलेक्टर श्रीमती साहू को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान जमीन संबंधी नामांतरण बंटवारा, मुआवजा प्रकरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशनों की स्वीकृति से लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी लोगों ने कलेक्टर से मिलकर आवेदन दिए। जनचौपाल में नगर निगम आयुक्त श्री कुलदीप शर्मा, जिला पंचायत के सीईओ श्री नूतन कंवर सहित सभी अनुविभागों के एसडीएम और सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।







