Sunday, March 15, 2026

कल से शुरू होगी 90 हजार रेमडेसिविर की सप्लाई, आवश्यक दवाइयों की कालाबाजारी पर होगी सख्ती

knn24news/ रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को कोरोना के ज्यादा संक्रमण वाले दस जिलों के कलेक्टरों के साथ वर्चुअल मीटिंग कर हालात की समीक्षा की। कलेक्टरों ने टेस्टिंग किट, रेमडेसिविर इंजेक्शन, पीपीई किट की कमी की जानकारी दी। सीएम ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को टेस्टिंग किट सहित जरूरी मेडिकल उपकरणों, ऑक्सीजन सिलेंडर, रेमडेसिविर सहित आवश्यक दवाओं की उपलब्धता को निरंतर बनाए रखने और आवश्यक दवाईयों की कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलों में जरूरत के अनुसार मेडिकल स्टॉफ की भर्ती तत्काल करने के वॉलिए कहा। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बताया कि 22 लाख टेस्टिंग किट और 90 हजार रेमडेसिविर इंजेक्शन के लिए टेंडर हो गया है। कंपनियों ने 20 अप्रैल से सप्लाई करने कहा है। लेकिन सरकार की तरफ से उनको सोमवार से ही सप्लाई करने के लिए कहा गया है। रेमडेसिविर इंजेक्शन के लिए ने एक बार में 20 हजार वॉयल देने की सहमति दी है। वर्चुअल बैठक में स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव, एसीएस हेल्थ रेणु जी पिल्ले के साथ ही बेमेतरा, राजनांदगांव, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायपुर, रायगढ़, बलौदा बाजार, जशपुर, दुर्ग और कोरबा के कलेक्टर और एसपी भी शामिल हुए। सीएम हाउस में सीएम के साथ सीएस अमिताभ जैन के अलावा सीएम के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी उपस्थित थे।

जिन गांवों में संक्रमण के ज्यादा मामले आ रहे, वहां टेस्टिंग के लिए विशेष अभियान चलाएं। उनको अलग रखने और मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी की जाए। क्वारेंटाइन और होम आइसोलेशन वालों को टेलीमेडिसिन के माध्यम से सलाह देने की व्यवस्था की जाए। इसके लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय किया जाए।

लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराएं :

सीएम ने लॉकडाउन का सख्ती से पालन करने, चौक चौराहों में भीड़ एकत्रित नहीं होने देने, दुष्प्रचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ ही सभी जिलों से लगने वाले अंतर्राज्यीय बार्डर सील करने के निर्देश भी दिए। आम जनता की जरूरतों की पूर्ति में कोई बाधा न आए, इसका भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि हेल्थ वर्कर और फ्रंटलाइन वर्कर संक्रमण से बचने के लिए कोविड-19 की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन करें। साथ ही हेल्थ वर्कर, फ्रंटलाइन वर्कर और सामाजिक संगठनों द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों का प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे नकारात्मकता का माहौल न बनने पाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाहर से आने वाले प्रवासी यात्रियों की एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंडों और अंतर्राज्यीय सीमाओं पर कड़ाई से टेस्टिंग की जाए। साथ ही जरूरत के अनुसार उनको क्वारेंटाइन सेंटर, आइसोलेशन में रखने और अस्पताल भेजा जाए। सीएम ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए चिकित्सा स्टॉफ सहित अधिकारी- कर्मचारी, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी मेहनत के साथ काम कर रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि बाहर से आने वाले प्रवासी लोगों की चेक पाइंट पर टेस्टिंग की जाए ताकि इनसे दूसरों में संक्रमण न फैलने पाए। उन्होंने सभी कलेक्टरों को ऑक्सीजन सिलेंडर की निरंतर आपूर्ति तथा आवश्यक दवाईयों के भंडारण, खदान और औद्योगिक क्षेत्रों में सघन टेस्टिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। कालाबाजारी रोकने के लिए सख्ती उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को टेस्टिंग किट सहित जरूरी मेडिकल उपकरणों, ऑक्सीजन सिलेण्डर, रेमडेसिविर सहित आवश्यक दवाओं की उपलब्धता को निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यक दवाओं की कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने को भी कहा। सभी जिलों में जरूरत के अनुसार मेडिकल स्टॉफ की भर्ती तत्काल करने को भी कहा जाए।