रायपुर। छत्तीसगढ़ में टैक्स चोरी के मामलों को लेकर स्टेट जीएसटी विभाग की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। हाल ही में बिलासपुर में बड़ी छापेमारी के बाद अब स्टेट जीएसटी की टीम ने कोरबा और रायपुर में भी कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश दी है। जानकारी के मुताबिक कोरबा में दो और रायपुर में एक बड़े कोयला कारोबारी के परिसरों पर एक साथ कार्रवाई की जा रही है।
स्टेट जीएसटी की टीम संबंधित कारोबारियों के कार्यालयों और अन्य ठिकानों पर दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। विभाग को आशंका है कि इन कारोबारियों द्वारा बड़े पैमाने पर जीएसटी की चोरी की गई है। जांच के दौरान लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, बिल और रजिस्टर खंगाले जा रहे हैं। कार्रवाई के चलते कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
गौरतलब है कि इससे पहले स्टेट जीएसटी की टीम ने बिलासपुर में तीन बड़े कोयला कारोबारियों—महावीर कोल वाशरी, फील कोल और पारस कोल एंड बेनिफिकेशन—के ठिकानों पर छापेमारी की थी। जांच के बाद इन कारोबारियों ने कुल 27 करोड़ 61 लाख रुपये जीएसटी विभाग के सामने सरेंडर किए थे। इसमें महावीर कोल वाशरी ग्रुप द्वारा 10 करोड़ रुपये, फील ग्रुप द्वारा 11 करोड़ रुपये और पारस कोल वाशरी द्वारा 6.50 करोड़ रुपये जमा किए गए थे।
बताया जा रहा है कि टैक्स चोरी के इन मामलों में स्टेट जीएसटी विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और जांच के आधार पर सख्त कदम उठाए जा सकते हैं। उल्लेखनीय है कि महावीर कोल वाशरी का संबंध टीवी अभिनेत्री अंकिता लोखंडे के ससुराल से भी जुड़ा बताया जा रहा है, जिसे लेकर यह मामला और भी चर्चा में आ गया है।









