कोरबा की राजस्व कॉलोनी में फन फैलाकर बैठा मिला 5 फीट लंबा नाग, रेस्क्यू के बाद जंगल में छोड़ा

कोरबा। रामपुर क्षेत्र स्थित राजस्व कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब घरों के सामने रास्ते के बीच एक करीब 5 फीट लंबा भारतीय नाग फन फैलाकर बैठा नजर आया। सांप को देखकर आसपास मौजूद महिलाएं घबरा गईं और तुरंत स्थानीय युवक मनीष मैत्री को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही पहुंची रेस्क्यू टीम

जानकारी मिलते ही वन्य जीव प्रेमी जितेंद्र सारथी को बुलाया गया। रेस्क्यू टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक नाग को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में उसे उसके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया। सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली।

सांप दिखे तो घबराएं नहीं, दूरी बनाएं

जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की है कि मौसम बदलने के साथ सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ रही हैं, इसलिए सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि सांप दिखने पर घबराने के बजाय उससे सुरक्षित दूरी बनाकर रखें और तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

सर्पदंश पर तुरंत अस्पताल ले जाएं

उन्होंने रेस्क्यू के लिए हेल्पलाइन नंबर 8817534455 जारी करते हुए कहा कि समय पर सूचना मिलने से इंसान और सांप दोनों की जान बचाई जा सकती है। साथ ही सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि समय पर इलाज मिलने से कई जानें बचाई जा सकती हैं और इसे लेकर जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।