Thursday, April 16, 2026

कोरबा के कुसमुंडा में व्यापारियों का अनोखा विरोध, जलभराव वाली सड़क पर नहाकर जताया आक्रोश

कोरबा। कुसमुंडा क्षेत्र की बदहाल सड़कों और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के खिलाफ व्यापारियों ने रविवार को एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। विकास नगर स्थित जलमग्न फोरलेन पर गड्ढों में जमा पानी में नहाकर व्यापारियों ने प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।

दो वर्षों से सड़क की स्थिति खराब
व्यापारिक संघ अध्यक्ष अशोक राठौर ने बताया कि पिछले दो वर्षों से इमली छापर चौक और चर्च कॉम्प्लेक्स के पास सड़क की हालत बदतर है। बारिश शुरू होते ही जलभराव और कीचड़ के कारण दुकानदारों का कारोबार प्रभावित होता है और आवागमन ठप हो जाता है।

निवासी और राहगीर भी परेशान
स्थानीय लोगों का कहना है कि इमली छापर क्षेत्र का ओवरब्रिज लंबे समय से बंद पड़ा है, जिससे वैकल्पिक मार्गों पर दबाव बढ़ गया है। वहीं जल निकासी की व्यवस्था न होने से सड़कों पर हमेशा जलभराव बना रहता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

प्रशासन को चेतावनी
व्यापारियों ने जिला प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान और ओवरब्रिज को शीघ्र चालू करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।