कोरबा, 31 दिसंबर। जिले के कोरकोमा क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पानी से भरे एक खेत में करीब 40 से 50 वर्ष की उम्र की एक महिला का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही रजगामार पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। फिलहाल मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है।
यह मामला रजगामार पुलिस चौकी अंतर्गत शिवनगर कोरकोमा का है। बताया गया कि क्षेत्र निवासी जोगीराम राठिया का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पीछे खेत स्थित है, जहां वह दोहरी फसल लेता है। मंगलवार सुबह धान की कटाई के बाद अगली खेती की तैयारी के लिए जब वह खेत पहुंचा, तो खेत में भरे पानी में एक महिला का शव दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर महिला की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जोगीराम राठिया ने ग्रामीणों को जानकारी दी, जिसके बाद सरपंच तेजराम राठिया ने पुलिस को सूचित किया। सूचना पर चौकी प्रभारी लक्ष्मण खूंटे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मेडिकल कॉलेज अस्पताल से पहुंचे सफाई कर्मियों की मदद से शव को खेत से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी महिला की पहचान नहीं कर सका। पुलिस के अनुसार मृतिका की उम्र करीब 40 से 50 वर्ष के बीच है। वह दुबली-पतली, सांवले रंग की है और उसने काले रंग का ब्लाउज तथा पीले रंग की साड़ी पहन रखी थी।
फिलहाल पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया है। मृतिका की पहचान के लिए आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है। साथ ही जिले और पड़ोसी जिलों के थाना-चौकियों को भी सूचना भेजी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।









