कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मुख्य मार्ग के पास स्थित नवकन्या तालाब में एक युवक का शव तैरता मिला। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने पानी में शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके के पास एक मोटरसाइकिल भी लावारिस हालत में मिली। पुलिस ने बाइक को जब्त कर जांच की तो मृतक की पहचान लिटियाखार निवासी संजय कुमार श्याम (34) के रूप में हुई। वह वर्तमान में हरदीबाजार में रह रहा था।
तालाब में शव मिलने से मचा हड़कंप
सुबह तालाब के पास पहुंचे लोगों ने पानी में शव देखा। सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पास में मिली मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया।
शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पत्नी अस्पताल में, कुछ समय पहले बेटी ने लिया जन्म
जानकारी के मुताबिक, संजय कुमार श्याम ने अपनी पत्नी को प्रसव के लिए पाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों ने ऑपरेशन की बात कही थी। बताया जा रहा है कि इसी वजह से वह आर्थिक और मानसिक तनाव में था।
हालांकि, प्रसव के दौरान उसकी पत्नी ने बेटी को जन्म दिया था। परिवार में बच्चे के जन्म की खुशी का माहौल था, लेकिन इसी बीच संजय का शव तालाब में मिलने से खुशियां मातम में बदल गईं।
बताया जा रहा है कि संजय ने पत्नी के इलाज और ऑपरेशन के लिए पैसों का इंतजाम भी कर लिया था और लगातार अस्पताल के चक्कर लगा रहा था।
हादसा या आत्महत्या? दोनों पहलुओं से जांच
संजय की मौत को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह तालाब के पास कैसे पहुंचा।
एक संभावना है कि वह किसी कारण से तालाब के पास गया हो और अचानक पानी में गिरने से हादसा हुआ हो। वहीं मानसिक तनाव के चलते आत्मघाती कदम उठाने की आशंका से भी पुलिस इनकार नहीं कर रही है।
फिलहाल पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि मृतक की पहचान हो चुकी है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।










