कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं उद्योगपति पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल को सामाजिक सेवा, शिक्षा और मानव कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री प्रेरणा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। 28 नवंबर 2026, शनिवार को नई दिल्ली के जनकपुरी स्थित होटल हयात सेंट्रिक में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से कोरबा जिले का गौरव बढ़ा है।
देशभर की 100 विभूतियों में डॉ. राजकुमार अग्रवाल का चयन
पद्मश्री प्रेरणा पुरस्कार सम्मान समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 100 ऐसी विशिष्ट हस्तियों का चयन किया गया था, जिन्होंने अपने सेवा कार्यों के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इन विभूतियों ने जरूरतमंदों की सहायता कर मानवता, सामाजिक समरसता और सेवा भावना को बढ़ावा दिया है। इसी क्रम में कोरबा के डॉ. राजकुमार अग्रवाल को उनके उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
लायंस क्लब कोरबा गुरुकुल के माध्यम से कर रहे समाजसेवा
पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल लायंस क्लब कोरबा गुरुकुल के व्यवस्थापक एवं संरक्षक हैं। उनके मार्गदर्शन में संस्था शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न जनसेवा गतिविधियों का संचालन कर रही है। क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर सामाजिक सेवा, वृक्षारोपण अभियान, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं।
ग्रामीण बच्चों को आधुनिक शिक्षा देने में भी अहम योगदान
समाजसेवा के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी डॉ. राजकुमार अग्रवाल सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके द्वारा कोरबा के ग्रामीण अंचल मां मड़वारानी की पावन धरती पर नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल का संचालन किया जा रहा है। सीबीएसई से मान्यता प्राप्त इस अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा पद्धति के तहत डिजिटल क्लासरूम के माध्यम से शिक्षा प्रदान की जाती है।
उनका मानना है कि शिक्षा के माध्यम से ही राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। इसी सोच के साथ ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पद्मश्री डॉ. जोगेश देउरी और डॉ. राजेंद्र प्रसाद रहे मुख्य अतिथि
सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री डॉ. जोगेश देउरी एवं पद्मश्री डॉ. राजेंद्र प्रसाद उपस्थित रहे। वहीं, पद्मश्री अवॉर्ड कमेटी की सदस्य एवं ओलंपियन अंजू बॉबी जॉर्ज विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। अतिथियों ने डॉ. राजकुमार अग्रवाल को पद्मश्री प्रेरणा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इससे पहले जेम्स ऑफ इंडिया अवॉर्ड से भी हो चुके हैं सम्मानित
डॉ. राजकुमार अग्रवाल को इससे पहले भारत सरकार द्वारा जेम्स ऑफ इंडिया अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। पद्मश्री प्रेरणा पुरस्कार उनके सामाजिक और शैक्षणिक योगदान को मिली एक और महत्वपूर्ण पहचान है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने अपने सभी सहयोगियों और परिजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा करना ही ईश्वर के प्रति सच्ची श्रद्धा है। साथ ही शिक्षा सेवा के माध्यम से ही राष्ट्र का विकास संभव है।
उनकी इस उपलब्धि पर लायंस क्लब कोरबा गुरुकुल एवं लायंस पब्लिक स्कूल के सभी सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।











