Thursday, March 12, 2026

कोरबा: खेल-खेल में कुएं में डूबा 4 वर्षीय मासूम, दादर पीएम आवास के पास हुई दर्दनाक घटना

कोरबा | 7 जनवरी 2026 जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत दादर पीएम आवास के पास बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ बस्ती के बच्चों के साथ खेलने निकला 4 वर्षीय बालक प्रशांत यादव कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे दादर बस्ती क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

दोस्तों के साथ नहाने गया था प्रशांत

जानकारी के अनुसार, दादर बस्ती के दामाद मोहल्ले में रहने वाले राजमिस्त्री सावन यादव का बेटा प्रशांत अपने हमउम्र बच्चों के साथ खेलने निकला था। खेलते-खेलते सभी बच्चे दादर पीएम आवास के पास स्थित एक सार्वजनिक कुएं के पास पहुँच गए। कुएं की गहराई लगभग 9 फीट बताई जा रही है। कुछ बच्चों को कुएं में नहाते देख प्रशांत भी पानी में उतर गया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह डूबने लगा।

डर के मारे भाग निकले साथी बच्चे

प्रशांत को पानी में डूबता देख उसके साथ खेल रहे अन्य बच्चे डर गए और मदद के लिए शोर मचाने के बजाय वहाँ से भाग निकले। काफी देर बाद जब बच्चों ने स्थानीय लोगों को जानकारी दी, तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तत्काल प्रशांत को कुएं से बाहर निकाला और उसके पेट से पानी निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मासूम की सांसें थम चुकी थीं।

काम पर गए थे माता-पिता

हादसे के वक्त मासूम प्रशांत के माता-पिता काम पर गए हुए थे और उसकी बड़ी बहन स्कूल में थी। घटना की खबर मिलते ही जब परिजन मौके पर पहुँचे, तो मासूम का शव देख उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि प्रशांत पहले भी अपनी दादी के साथ उस कुएं में नहाने जा चुका था, जिसके कारण उसे कुएं का रास्ता पता था।