कोरबा। केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने आज कोरबा प्रवास के दौरान गेवरा खदान का दौरा किया। उन्होंने गेवरा व्यू पॉइंट से खदान में चल रही खनन गतिविधियों का निरीक्षण किया और कार्यरत कर्मचारियों से सीधे संवाद किया।
इस दौरान मंत्री रेड्डी ने खुद खदान से निकले कोयले के टुकड़े, जिसे स्थानीय भाषा में “काला हीरा” कहा जाता है, को अपने हाथों में उठाकर देखा और उसकी गुणवत्ता का अवलोकन किया। उनकी यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
मंत्री रेड्डी ने खदान में कार्यरत शॉवेल ऑपरेटर और डम्पर ऑपरेटरों से मुलाकात की। उन्होंने ऑपरेटर केबिन में बैठकर मशीन संचालन की प्रक्रिया को भी नजदीक से देखा और उनके अनुभवों को सुना।
कोयला मंत्री ने खनन को पर्यावरणीय दृष्टिकोण से संतुलित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए सस्टेनेबल माइनिंग की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की सराहना की। उन्होंने सर्फेस माइनर मशीन के संचालन का अवलोकन भी किया, जो आधुनिक तकनीक से कोयला खनन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने में मदद करती है।









