कोरबा, 27 जुलाई 2025 कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। दादर नाले के पास रहने वाले 45 वर्षीय डॉक्टर कलीम रिजवी की आज सुबह घर की छत पर सफाई करते समय 11 केवी बिजली तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी फिरदौस रिजवी गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डॉ. कलीम रिजवी सुबह अपने मकान की छत पर सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक रॉड उठाई जो पास से गुजर रहे 11 केवी हाई वोल्टेज लाइन से छू गई। तेज करंट लगने के कारण डॉक्टर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पास में खड़ी उनकी पत्नी करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गईं।
फिरदौस रिजवी की हालत नाजुक बताई जा रही है और डॉक्टरों की एक टीम उनका इलाज कर रही है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जिला अस्पताल पहुंच गई। डॉक्टर कलीम के आकस्मिक निधन से सभी लोग स्तब्ध हैं।
डॉ. कलीम रिजवी अपने घर पर ही क्लीनिक चलाते थे और क्षेत्र के लोकप्रिय चिकित्सकों में गिने जाते थे। उनके निधन से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। लोगों का कहना है कि उन्होंने एक कुशल, व्यवहारिक और समर्पित डॉक्टर को खो दिया है।