कोरबा, 12 अप्रैल 2025। जिले के परिवहन नगर स्थित वार्ड क्रमांक 15 झरना पारा के 15 ब्लॉक में शुक्रवार की रात सीएसईबी चौकी पुलिस द्वारा चौपाल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रात्रि 8 बजे शुरू हुआ, जिसमें सीएसईबी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक जितेंद्र यादव अपने स्टाफ के साथ उपस्थित रहे।
चौपाल के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वार्ड वासियों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उन्हें कानूनी नियमों की जानकारी दी और उनकी समस्याएं सुनीं। इस मौके पर स्थानीय नागरिकों ने बताया कि रात के समय क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
निवासियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि इससे इलाके में अपराध पर नियंत्रण लगेगा और लोगों को सुरक्षा का अहसास होगा। चौकी प्रभारी जितेंद्र यादव ने जनता की बातों को गंभीरता से लेते हुए पेट्रोलिंग बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना है, और इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में लोगों ने अपनी अन्य समस्याएं भी साझा कीं और पुलिस से निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।









