Thursday, March 12, 2026

कोरबा | दीपका थाना क्षेत्र में युवती की बेरहमी से हत्या, इलाके में फैली सनसनी

कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत नागिन झोरखी इलाके में एक सनसनीखेज और हृदयविदारक वारदात सामने आई है। यहां 24 वर्षीय युवती रानू साहू की अज्ञात हमलावर ने बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मृतका की पहचान रानू साहू (24 वर्ष), पिता रामकुमार साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय रानू घर में अकेली थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। शाम करीब 7 बजे जब परिजन घर लौटे तो उन्होंने रानू को घर के भीतर लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात आरोपी ने युवती के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया, जिससे सिर बुरी तरह कुचल गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था की और फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड को जांच के लिए बुलाया गया। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और हर संभावित एंगल से मामले की गहन जांच की जा रही है।

इस निर्मम हत्या से क्षेत्र में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और उसे कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच तेजी से चल रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।