कोरबा नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा: ट्रेलर-ट्रक की टक्कर के बाद आग, चालक जिंदा जला

कोरबा। जिले में मंगलवार सुबह नेशनल हाईवे पर कोयले से लदे ट्रेलर और सीमेंट से भरे ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में ट्रक चालक केबिन में फंस गया और जिंदा जलकर उसकी मौत हो गई।

मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा

घटना मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र के केंदई झरना के पास सुबह करीब 8 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, कोयला लोड ट्रेलर कोरबा से आ रहा था, जबकि सीमेंट से भरा ट्रक अंबिकापुर की ओर से आ रहा था। तेज रफ्तार के कारण मोड़ पर संतुलन बिगड़ गया और दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन से कूदकर बाहर निकल गया, लेकिन सीमेंट ट्रक का चालक केबिन में फंस गया। आग तेजी से फैलने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दमकल पहुंचने में लगी देर

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल वाहन कटघोरा से पहुंचा, जिसके कारण घटनास्थल तक पहुंचने में काफी समय लग गया।

स्थानीय लोगों ने उठाई मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग है और यहां अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं। लोगों ने मांग की है कि मोरगा चौकी या टोल नाका पर दमकल वाहन की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि आपात स्थिति में तुरंत राहत मिल सके।

एक अन्य वाहन भी सड़क पर खराब मिला

हादसे वाली जगह से कुछ दूरी पर एक अन्य वाहन खराब हालत में सड़क पर खड़ा था, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि राहत की बात रही कि वह आग की चपेट में नहीं आया।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि करते हुए वाहन मालिक को सूचना दे दी है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।