कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

कोरबा (छत्तीसगढ़)। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में म्यूल अकाउंट के माध्यम से साइबर ठगी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में जिले के थाना-चौकी एवं साइबर पुलिस थाना की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर साइबर अपराधों में प्रयुक्त म्यूल खातों पर सतत निगरानी रखी जा रही थी।

तकनीकी जांच में हुआ खुलासा
समन्वय पोर्टल से प्राप्त मूल खाता धारकों की जानकारी का तकनीकी विश्लेषण करने पर सामने आया कि थाना कुसमुंडा क्षेत्र के कुछ युवकों ने नए बैंक खाते खुलवाकर उन्हें म्यूल अकाउंट के रूप में साइबर ठगों को उपलब्ध कराया। इन खातों के जरिए देश के विभिन्न राज्यों में की गई साइबर ठगी की राशि प्राप्त की जा रही थी, ताकि वास्तविक अपराधियों की पहचान छिपाई जा सके।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर साइबर पुलिस थाना कोरबा एवं थाना कुसमुंडा की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. एम.डी. तवरेज (23 वर्ष), पिता एम.डी. गयासुद्दीन, निवासी आनंद नगर, थाना कुसमुंडा, जिला कोरबा।

  2. पुष्पेंद्र साहू (22 वर्ष), पिता श्याम सुंदर साहू, निवासी आनंद नगर, थाना कुसमुंडा, जिला कोरबा।