कोरबा। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक फरार आरोपी अधिवक्ता भवन की दूसरी मंजिल से गिर गया। आरोपी की पहचान संदीप अग्रवाल के रूप में हुई है, जो कटघोरा थाना के एक मामले में लंबे समय से फरार था।
बताया जा रहा है कि आरोपी अपने केस से जुड़े दस्तावेजों के लिए कोर्ट में RTI आवेदन की सुनवाई में शामिल होने आया था। इसी दौरान पुलिस टीम उसे पकड़ने पहुंची, जिसे देख वह भागने लगा।
भागते हुए आरोपी अधिवक्ता भवन की दूसरी मंजिल तक पहुंच गया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल आरोपी को मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना पर CSP प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल आरोपी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।








