कोरबा। फ्लोरा मैक्स कंपनी के कथित फ्रॉड से परेशान महिलाओं पर अपराध पंजीबद्ध किए जाने का मामला सामने आया है। महिलाओं ने आरोप लगाया है कि एम्बुलेंस चालक की शिकायत को आधार बनाकर उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए गए हैं।
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि फ्लोरा मैक्स कंपनी ने उन्हें आर्थिक रूप से ठगने के बाद अब कानूनी कार्रवाई का सहारा लेकर उन्हें डराने की कोशिश की है। कंपनी की ठगी से परेशान महिलाएं पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाने पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ दर्ज शिकायतें सुनियोजित साजिश का हिस्सा हैं।
इस मामले को लेकर स्थानीय संगठनों और नागरिक समाज ने भी नाराजगी जताई है। महिलाएं प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रही हैं, ताकि असली दोषियों को सजा मिल सके और पीड़ितों को न्याय।











