कोरबा ब्रेक: तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से चालक की मौत, हादसे के बाद चालक फरार

कोरबा शहर के मुड़ापार शारदा बायपास पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक चालक की मौत हो गई। घटना शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है, जब तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन ने चालक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत मुड़ापार शारदा मोड़ के पास हुआ। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जांच शुरू की।

मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल अस्पताल भेजा गया। साथ ही वाहन मालिक को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

इधर, इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर पहले भी चिंता जताई जाती रही है। वार्ड नंबर 28 के पार्षद गोपाल कुर्रे ने आबादी वाले क्षेत्र से गुजरने वाले इस मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी, लेकिन इसके बावजूद वाहन संचालन जारी है।

हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।