कोरबा में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला खनिज जांच दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई वाहनों और भारी मात्रा में रेत जब्त की है। यह संयुक्त कार्रवाई कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक खनिज प्रशासन प्रमोद नायक के मार्गदर्शन में की गई।
कटघोरा और छुरी क्षेत्र में कार्रवाई
जांच दल ने कटघोरा और छुरी क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई कर अवैध गतिविधियों में लिप्त कुल 9 वाहनों को जब्त किया। जब्त वाहनों में 2 ट्रक, 4 हाइवा, 1 जेसीबी मशीन, 1 चैन माउंट मशीन और 1 टिप्पर शामिल हैं।
इसके अलावा दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से भंडारित लगभग 700 घनमीटर रेत भी जब्त की गई। खनिज नियमों के तहत संबंधित संचालकों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी
जिला खनिज जांच दल मिट्टी, रेत और कोयला जैसे खनिजों से जुड़े अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन और परिवहन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए आगे भी सघन जांच और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।








