कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर कोरबा जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। विभाग ने 1 से 10 सितंबर 2026 तक महज 10 दिनों में अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर अवैध शराब से जुड़े 61 आपराधिक मामले दर्ज किए हैं। कार्रवाई के दौरान 178.870 लीटर महुआ शराब और 325 किलो लाहन जब्त किया गया।
अभियान के दौरान 11 आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज किए गए। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
नगोई, लाफा और अंडीकछार में आबकारी टीम की दबिश
उपनिरीक्षक दीपमाला लक्षवानी के नेतृत्व में आबकारी टीम ने नगोई, लाफा और अंडीकछार क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान संतराम, शिवशंकर गोस्वामी, संतोष गोस्वामी, मनोहर अगरिया और रामू जांगड़े को पकड़ा गया।
आरोपियों के कब्जे से कुल 82.9 लीटर महुआ शराब और 285 किलो लाहन बरामद किया गया। आबकारी विभाग ने सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।
छद्म ग्राहक भेजकर पकड़े गए आरोपी
वहीं, उपनिरीक्षक सुकांत पांडेय की टीम ने सुतर्रा, मानपुर और कुदरीखार क्षेत्र में सूचना के आधार पर कार्रवाई की। टीम ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए छद्म ग्राहक भेजकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस कार्रवाई में कुल 44.700 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बांधपारा-जुनवानी और अन्य इलाकों में भी कार्रवाई
आबकारी विभाग की टीम ने बांधपारा-जुनवानी में शशि प्रसाद और जयराम को पकड़ा। दोनों के कब्जे से कुल 22 लीटर शराब जब्त की गई।
इसी तरह भैसमाखार और रलिया क्षेत्र में धनकुंवर और परदेशी राम के कब्जे से करीब 24 लीटर शराब बरामद की गई। चारों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
5 लीटर से अधिक अवैध शराब पर गैर-जमानती कार्रवाई
आबकारी विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में 5 लीटर से अधिक अवैध शराब रखना, बनाना, बेचना या परिवहन करना गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में 1 से 3 साल तक की जेल और 25 हजार से 1 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। दोबारा अपराध पाए जाने पर और कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है।
कलेक्टर के निर्देश पर जारी रहेगा अभियान
कोरबा जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग की टीम सूचना के आधार पर अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।










