Thursday, March 12, 2026

कोरबा में कोयला हेराफेरी केस: 3 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 13 पकड़े गए

कोरबा। जिले में कोयला हेराफेरी के एक बड़े मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस प्रकरण में अब तक कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामला गेवरा खदान से निजी कंपनी के लिए भेजे गए कोयले की अवैध हेराफेरी से जुड़ा हुआ है।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए नए आरोपियों में सूरज खांडे, जगदेव भास्कर और राहुल वस्त्रकार शामिल हैं। इनमें से एक आरोपी सुपरवाइजर, दूसरा पेट्रोलिंग टीम का सदस्य और तीसरा ट्रेलरों में लगे जीपीएस सिस्टम को हटाने व तकनीकी छेड़छाड़ करने में विशेषज्ञ बताया जा रहा है। पुलिस ने इन तीनों के खिलाफ कोयला हेराफेरी, धोखाधड़ी और तकनीकी छेड़छाड़ सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

साइडिंग पर कोयला डंप किए बिना जमा करते थे टीपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जयरामनगर साइडिंग पर कोयला डंप करने के बजाय केवल टीपी (ट्रांसपोर्ट परमिट) जमा कर देते थे और कोयले को दूसरी जगह भेजकर अवैध रूप से खपा देते थे। इस तरीके से अब तक करीब 365 टन कोयले की हेराफेरी की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 76 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में उपयोग किए गए 6 ट्रेलर भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

अदानी कंपनी की शिकायत पर शुरू हुई जांच

दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि यह पूरा मामला अदानी कंपनी की शिकायत के बाद सामने आया। प्रारंभिक जांच में ही कोयला परिवहन में बड़े स्तर पर अनियमितता उजागर हुई, जिसके बाद लगातार कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है।

जांच जारी, और गिरफ्तारियों के संकेत

इस प्रकरण में पहले ही लक्ष्मण कुमार (25), तुषार खंडे (24), गोपी किशन सोनझरी (22), दुर्गेश कुमार साहू (22) और अतीक मेमन (26) सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और जैसे-जैसे नए साक्ष्य सामने आएंगे, मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।