Wednesday, November 11, 2026

कोरबा में जुए के फड़ पर पुलिस की रेड, 13 गिरफ्तार; प्रधान पाठक और सरपंच भी शामिल, 1.83 लाख का सामान जब्त

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम तैलियामार में रुपए दांव पर लगाकर जुआ खेल रहे 13 लोगों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में एक सरकारी स्कूल का प्रधान पाठक और ग्राम पंचायत का सरपंच भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 32 हजार रुपए नकद, दो बाइक, पांच मोबाइल और ताश की गड्डी जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 83 हजार रुपए आंकी गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने जुए के फड़ पर दी दबिश

जानकारी के अनुसार, पसान पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम तैलियामार में कुछ लोग रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर जुआ खेल रहे 13 लोगों को पकड़ लिया। इसके बाद सभी को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की गई।

32 हजार नकद, बाइक और मोबाइल जब्त

पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश की गड्डी, 32 हजार रुपए नकद और एक लाल गमछा जब्त किया है। इसके अलावा मौके से दो बाइक और पांच मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों बाइक की कीमत करीब एक लाख रुपए और पांच मोबाइल की कीमत लगभग 50 हजार रुपए है। इस तरह जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 83 हजार रुपए बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रधान पाठक और सरपंच भी शामिल

पुलिस द्वारा जारी सूची के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में शैलेन्द्र जेम्स (45), कुंपल सिंह (54), रवि ठाकुर (50), गजेन्द्र यादव (30), सोनसाय (50), दशरथ खलखो (35), कैलाश कुजूर (25), शैष्मन (41), चन्द्रमान कौशिक (35), राजकुमार रजक (25), समारू (31), अनुराग वर्मा (30) और सहदेव आर्मो (45) शामिल हैं।

इस कार्रवाई में पकड़े गए गजेन्द्र यादव प्राथमिक शाला पंडरीपानी में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ बताए गए हैं। वहीं, सहदेव आर्मो ग्राम पंचायत बैरा के सरपंच हैं। सरकारी स्कूल के प्रधान पाठक और पंचायत के सरपंच का जुआ खेलते पकड़े जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।