Thursday, October 1, 2026

कोरबा में तोतों के पिंजरे में घुसा 5 फीट लंबा नाग, एक को बनाया शिकार; रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला

Korba Snake Rescue News: छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक परिवार के लिए सुबह का वक्त उस समय डर और दुख में बदल गया, जब उनके पालतू तोतों के पिंजरे में करीब 5 फीट लंबा नाग फन फैलाए बैठा मिला। नाग ने एक तोते को अपना शिकार बना लिया था, जबकि दूसरा तोता जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहा था। घटना मिशन रोड क्षेत्र की बताई जा रही है।

पिंजरे में नाग को देखकर परिवार के उड़े होश

परिवार लंबे समय से दो तोतों को बच्चों की तरह पाल रहा था। सुबह जब परिवार के सदस्य तोतों को देखने पिंजरे के पास पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। पिंजरे में एक नाग फन फैलाए बैठा था। पास ही एक तोता भी मौजूद था, जबकि दूसरा तोता नाग का शिकार बन चुका था।

पालतू तोते की मौत से परिवार भावुक हो गया। साथ ही दूसरे तोते की सुरक्षा को लेकर भी परिवार की चिंता बढ़ गई। इसके बाद तत्काल वन्यजीव रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई।

छोटे पिंजरे में फन फैलाए बैठा था नाग

परिवार ने नोवा नेचर फाउंडेशन के वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उन्होंने टीम सदस्य बॉबी श्रीवास को मौके पर भेजा।

बॉबी श्रीवास ने मौके पर पहुंचकर सावधानी से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पिंजरा छोटा होने और नाग के फन फैलाकर बैठे होने के कारण उसे सुरक्षित बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। रेस्क्यू टीम ने सतर्कता के साथ नाग को पकड़कर सुरक्षित रेस्क्यू बैग में रखा।

नाग के शरीर पर मिले संघर्ष के निशान

रेस्क्यू के दौरान नाग के शरीर पर संघर्ष के निशान भी दिखाई दिए। इससे अनुमान लगाया गया कि शिकार बने तोते ने अपनी जान बचाने के लिए काफी संघर्ष किया होगा। रेस्क्यू के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

बाद में वन विभाग के नियमानुसार नाग को सुरक्षित तरीके से उसके प्राकृतिक रहवास क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

रेस्क्यू टीम ने कहा- सांप का कोई दोष नहीं

नोवा नेचर फाउंडेशन के जितेंद्र सारथी ने कहा कि परिवार के लिए अपने पालतू तोते को खोना बेहद दुखद है। हालांकि, प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र के नजरिए से देखें तो यह फूड चेन का हिस्सा है। सांप भोजन की तलाश में पिंजरे तक पहुंचा था, इसलिए इसमें सांप का कोई दोष नहीं है।