कोरबा। कोरबा की सड़कों पर रविवार रात एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने खुशियों से भरी एक परिवार की शाम को चीखों में बदल दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही ने कुछ ही पलों में चार लोगों को खून से लथपथ कर दिया… जिनमें एक पांच साल का मासूम भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
यह भीषण सड़क दुर्घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत बुधवारी बाईपास मुख्य मार्ग पर श्रीवास भवन के पास रविवार रात करीब 8 बजे हुई।
पलभर में बिखर गई खुशियां
बताया जा रहा है कि एक बाइक तेज रफ्तार से बुधवारी की ओर से आ रही थी, जिस पर दो युवक सवार थे। दूसरी ओर से टीपी नगर की तरफ से पति-पत्नी और उनका छोटा सा बच्चा बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
अचानक दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि आसपास गूंजती आवाज सुनकर लोग दौड़ पड़े। सड़क पर बिखरी चीखें, खून और घायल लोगों की तड़प… यह मंजर देखकर हर किसी का दिल दहल उठा।
मासूम की हालत नाजुक
हादसे में पांच साल के मासूम को गंभीर चोटें आई हैं। उसकी मां के सिर पर गहरी चोट लगी है, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक भी घायल हो गए।
घटना के बाद घायल बच्चे की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोग भावुक हो उठे। कई लोगों की आंखें नम हो गईं… कोई पानी पिला रहा था, कोई एंबुलेंस को फोन कर रहा था… हर कोई बस किसी तरह जान बचाने की कोशिश में लगा था।
पुलिस पहुंची, अस्पताल में भर्ती
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
सड़क बनी खतरे का रास्ता
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि लापरवाही का नतीजा है। सड़क किनारे खड़े वाहन, अतिक्रमण और तेज रफ्तार… यहां हर दिन मौत का खतरा मंडराता रहता है।







