कोरबा। जिले में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एसईसीएल (SECL) के एक कर्मी सहित उनके माता-पिता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, राहुल टोप्पो, जो कोरबा जिले के कुसमुंडा खदान में विद्युत यांत्रिकी विभाग में केटेगरी-वन के कर्मचारी के रूप में पदस्थ थे, मूल रूप से अंबिकापुर जिले के जगन्नाथपुर चौरा गांव के रहने वाले थे। वे अपने परिवार के साथ कुसमुंडा क्षेत्र के आदर्श नगर में निवास कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि सोमवार को राहुल टोप्पो अपने माता-पिता और एक साथी सोनू के साथ मारुति फ्रॉक्स कार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान खड़गवां रोड पर कल्याणपुर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक से उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।
मौके पर ही तीन की मौत, एक गंभीर
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में राहुल टोप्पो और उनके माता-पिता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथ कार में सवार सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।







