कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार दोपहर से लापता 2 साल के मासूम का शव मंगलवार सुबह घर की बाड़ी में बने गोबर गैस चेंबर से बरामद हुआ। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक दर्री थाना क्षेत्र के ग्राम बरेड़ीमुड़ा निवासी लक्ष्मी नारायण कंवर और उनकी पत्नी मजदूरी करने के लिए **तमिलनाडु गए हुए हैं। उनका करीब 2 वर्षीय पुत्र गांव में अपने दादा प्रमोद कंवर और बुआ रिंकी के साथ रह रहा था।
बताया जा रहा है कि रविवार को सामान्य दिनों की तरह बच्चा घर में खेल रहा था, जबकि बुआ अपने काम में व्यस्त थी और दादा बाड़ी में नहाने गए थे। दोपहर करीब 2 बजे के बाद अचानक बच्चा नजर नहीं आया। दादा ने नहाकर लौटने के बाद पोते को आवाज लगाई, लेकिन वह कहीं दिखाई नहीं दिया।
परिजनों ने घर और आसपास के इलाके में काफी तलाश की, पड़ोसियों से पूछताछ की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चला। इसके बाद दर्री थाना में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई। दादा और बुआ पूरी रात बच्चे की तलाश में परेशान रहे।
सुबह चेंबर में मिला मासूम का शव
मंगलवार सुबह भी परिजन और ग्रामीण बच्चे की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान आशंका होने पर घर की बाड़ी में बने गोबर गैस चेंबर में झांककर देखा गया, जहां बच्चा अंदर गिरा हुआ दिखाई दिया। आनन-फानन में उसे बाहर निकाला गया, लेकिन संकरे चेंबर में गिरकर फंसे मासूम की सांस थम चुकी थी।
मृत पोते को गोद में उठाए दादा बिलखते रहे, वहीं बुआ भी रोती रही। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया।
माता-पिता को दी गई सूचना, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना बच्चे के माता-पिता को दे दी गई है, जो तमिलनाडु से कोरबा लौट रहे हैं। ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।







