कोरबा। कोरबा जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो नाबालिग छात्राओं ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
घर में फांसी पर लटकी मिली 10वीं की छात्रा
पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदरानगर दुरपा वार्ड नंबर 5 की है, जहां 17 वर्षीय अंजली केंवट ने घर में फांसी लगा ली।
जानकारी के अनुसार, अंजली अपने पिता दिलीप केंवट के साथ रहती थी, जो राजमिस्त्री का काम करते हैं। घटना के समय परिवार के सदस्य काम पर गए हुए थे। छोटा भाई नदी से नहाकर घर लौटा तो उसने अंजली को फंदे से लटका देखा।
परिजनों ने तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अंजली लवली केयर स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा थी और बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही थी। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
तालाब के पास पेड़ से लटका मिला 9वीं की छात्रा का शव
दूसरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के धमनागुड़ी मोहार गांव की है, जहां 16 वर्षीय गीता महंत ने गांव से लगे तालाब के पास पेड़ पर फांसी लगा ली।
परिजनों के मुताबिक, गीता मंगलवार सुबह नहाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। बाद में ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ से लटका देखा और पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि सितंबर महीने में गीता की मां का अचानक निधन हो गया था, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी और सदमे में थी।







