Saturday, April 4, 2026

कोरबा में दो सड़क हादसे: शिक्षक समेत दो की मौत, अव्यवस्थित सड़क और अंधेरा बना कारण

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक शिक्षक सहित दो लोगों की मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं सड़क व्यवस्था और रोशनी की कमी पर सवाल उठने लगे हैं।

पहली घटना सीताराम चौक के चकचकवा पहाड़ के पास की है। जानकारी के अनुसार, ऐतमा नगर निवासी 25 वर्षीय शिपाल पोर्ते बाइक से किसी काम से निकला था। इसी दौरान सड़क पर पड़े गिट्टी-मिट्टी के ढेर से उसकी बाइक टकरा गई, जिससे वह अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। हादसे में युवक के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं दूसरी घटना बरपाली के पास हुई, जहां पोड़ी उपरोड़ा निवासी शिक्षक जय पांडेय अपनी वैगनआर कार से कहीं जा रहे थे। अंधेरे के कारण उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा लाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें कोरबा रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर पर्याप्त रोशनी और व्यवस्थित निर्माण कार्य की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।