Friday, September 11, 2026

कोरबा में नशे में कार रेसिंग का खतरनाक खेल, बोलेरो शिव मंदिर की दीवार में घुसी; बाल-बाल बचा चालक

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित कुसमुंडा SECL कॉलोनी में शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां कथित तौर पर नशे की हालत में दो फोर व्हीलर चालक आपस में रेसिंग कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर शिव मंदिर की बाउंड्री वॉल से जा टकराई। हादसे में मंदिर की दीवार का एक हिस्सा टूट गया, जबकि बोलेरो चालक बाल-बाल बच गया।

ओवरटेक करने के चक्कर में बेकाबू हुई बोलेरो

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर शाम कुसमुंडा कॉलोनी में दो फोर व्हीलर चालक तेज रफ्तार में एक-दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों चालक नशे की हालत में बताए जा रहे थे।

इसी दौरान एक बोलेरो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार बोलेरो सीधे शिव मंदिर की बाउंड्री वॉल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

मंदिर के पास नहीं था कोई, टली बड़ी जनहानि

गनीमत रही कि हादसे के वक्त मंदिर के आसपास कोई मौजूद नहीं था। वहीं सड़क पर चल रहे राहगीर भी इस खतरनाक रेसिंग की चपेट में आने से बच गए। अगर बोलेरो मंदिर परिसर या राहगीरों की तरफ चली जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

हादसे के बाद दूसरा वाहन चालक मौके से अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गया। वहीं बोलेरो चालक मौके पर ही नशे की हालत में पड़ा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।

कॉलोनीवासियों में नाराजगी, स्टंटबाजी पर कार्रवाई की मांग

घटना के बाद मौके पर कॉलोनीवासियों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुसमुंडा कॉलोनी में तेज रफ्तार वाहन चलाने और स्टंट करने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। शाम के समय युवकों के जमावड़े और तेज रफ्तार वाहन चलाने से लोगों में लगातार डर बना रहता है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस से ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कॉलोनी में तेज रफ्तार व नशे में ड्राइविंग पर रोक लगाने की मांग की है।

कुसमुंडा पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना कुसमुंडा थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं मौके से फरार हुए दूसरे वाहन चालक की तलाश की जा रही है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन मंदिर की बाउंड्री वॉल को नुकसान पहुंचा है।