कोरबा। जिले के मारुति क्लीन कोल बांधाखार पावर प्लांट में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। करीब 1:45 बजे 300 मेगावाट यूनिट के पावर ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद भीषण आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया।
देखते ही देखते ट्रांसफार्मर से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। प्लांट में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल प्रबंधन और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही चाकाबूड़ा स्थित एसीबी प्लांट से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। हादसे के कारण प्लांट की 300 मेगावाट यूनिट से बिजली उत्पादन पूरी तरह बंद हो गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, प्लांट में एक अन्य पावर ट्रांसफार्मर उपलब्ध है, जिससे मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद जल्द ही उत्पादन शुरू करने की कोशिश की जा रही है। तकनीकी टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
गनीमत रही कि घटना के समय रात होने के कारण प्लांट में कम कर्मचारी मौजूद थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।









