कोरबा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 90 एकड़ सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने बुलडोजर चला

कोरबा। शहर के दर्री इलाका में सोमवार सुबह जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम कोरबा की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया।

90 एकड़ सरकारी जमीन पर था कब्जा

जानकारी के अनुसार केसी जैन मार्ग स्थित करीब 90 एकड़ सरकारी भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमण किया गया था। इस मामले में कटघोरा एसडीएम द्वारा 135 लोगों को नोटिस जारी कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया।

फार्म हाउस और पक्के मकान बनाए गए

प्रशासनिक जांच में सामने आया कि अतिक्रमणकारियों ने जमीन पर फार्म हाउस, पक्के मकान और अन्य निर्माण कर कब्जा कर रखा था। कुछ लोगों ने 60 से 70 डेसिमल तक भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया था।

कार्रवाई जारी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

नोटिस के बावजूद कब्जा नहीं हटाने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए बुलडोजर कार्रवाई शुरू की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।