Thursday, March 12, 2026

कोरबा में भाजपा नेता अक्षय गर्ग हत्याकांड का खुलासा, नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अक्षय गर्ग की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। कटघोरा थाना क्षेत्र में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में नाबालिग समेत कुल चार आरोपी शामिल पाए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी और साजिशकर्ता मुस्ताक अहमद है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कार, कुल्हाड़ी और चाकू जब्त कर लिए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा और राजनीतिक रंजिश प्रमुख कारण रहे। पुलिस के मुताबिक, अक्षय गर्ग पर 8 से 10 बार जानलेवा हमला किया गया। आरोपी विश्वजीत ओगरे ने कुल्हाड़ी से वार किए, जबकि मुस्ताक अहमद ने चाकू से गोदकर हत्या को अंजाम दिया।

दिनदहाड़े की गई थी हत्या

जानकारी के अनुसार, 23 दिसंबर को कोरबा जिले के ग्राम केशलपुर में दिनदहाड़े अक्षय गर्ग पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और राजनीतिक हलकों में आक्रोश फैल गया था।

चुनावी रंजिश बनी हत्या की वजह

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जनपद पंचायत बिंझरा चुनाव में अक्षय गर्ग की हार के बाद उनके और प्रतिद्वंद्वी पक्ष के बीच विवाद बढ़ गया था। करीब एक साल पहले चुनावी हार को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी। तभी से बदले की भावना पनप रही थी, जो अंततः इस हत्याकांड में तब्दील हो गई।

वाहन से मिली अहम कड़ी

जांच के दौरान पुलिस को एक अर्बन क्रूजर वाहन के बारे में अहम सुराग मिला, जो वारदात के समय घटनास्थल के आसपास देखा गया था। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद रात करीब 11 बजे मुस्ताक अहमद ने वाहन को एक गैराज में खड़ा किया और वहां से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने वाहन जब्त कर मुस्ताक को हिरासत में लिया, जहां पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए पुख्ता साक्ष्य जुटाए गए हैं।