कोरबा। शहर के एमपी नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम दो कारों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पंडित रविशंकर शुक्ला नगर निवासी आशीष अग्रवाल और उनकी पत्नी घायल हो गए। दोनों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि कारों के उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के कारण सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
नशे में ड्राइविंग की आशंका
स्थानीय लोगों का दावा है कि दुर्घटना में शामिल एक कार का चालक और उसका साथी नशे की हालत में दिखाई दे रहे थे। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और आवश्यक परीक्षण के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गश्त के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस
संयोगवश घटना के समय सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थीं। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और सड़क पर लगी भीड़ हटाकर यातायात को सामान्य कराया।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और तथ्यों की पुष्टि के बाद संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दुर्घटना संभावित मार्ग पर फिर उठी स्पीड ब्रेकर की मांग
घंटाघर चौक से पंडित रविशंकर शुक्ला नगर होते हुए दादर मार्ग तक का हिस्सा लंबे समय से दुर्घटना संभावित माना जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ वर्ष पहले इसी मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में एक युवती की मौत के बाद तत्कालीन महापौर राजकिशोर प्रसाद ने स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए थे, लेकिन आज तक उनका निर्माण नहीं हो सका।










