कोरबा। शहर में विकास कार्यों के नाम पर लगातार हो रही सड़क खुदाई से आम जनता और व्यापारी दोनों परेशान हो गए हैं। खासकर शहर के मुख्य मार्ग टीपी नगर व्यावसायिक क्षेत्र में आए दिन सड़क खोदे जाने से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बार-बार सड़क खोदने से पूरे क्षेत्र में धूल और अव्यवस्था फैल जाती है, जिससे ग्राहकों का आना कम हो गया है। इसके कारण उनके कारोबार पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। व्यापारियों के अनुसार कभी नाली निर्माण के नाम पर सड़क खोदी जाती है, तो कभी बिजली या अन्य तार बिछाने के लिए खुदाई की जाती है। लगातार चल रहे इन कार्यों से सड़कें बदहाल हो गई हैं और लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।

व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि अलग-अलग विभाग बिना समन्वय के बार-बार खुदाई कर रहे हैं, जिससे न केवल सरकारी धन की बर्बादी हो रही है बल्कि स्थानीय व्यापार को भी नुकसान हो रहा है।

स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि विकास कार्यों की उचित योजना बनाकर एक ही बार में काम पूरा किया जाए, ताकि बार-बार सड़क खोदने की समस्या खत्म हो सके और लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।









