Friday, March 20, 2026

कोरबा में सनसनीखेज मामला: नाबालिग गर्भवती, मृत नवजात का जन्म; आरोपी युवक गिरफ्तार

कोरबा। जिले के लेमरू थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल पहुंची एक नाबालिग के गर्भवती होने का खुलासा हुआ। इलाज के दौरान उसका प्रसव कराया गया, जिसमें मृत नवजात का जन्म हुआ। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात नाबालिग को अचानक तेज पेट दर्द शुरू हुआ। पूरी रात दर्द से परेशान रहने के बाद सोमवार सुबह उसकी मां उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचीं। डॉक्टरों द्वारा जांच करने पर पता चला कि वह गर्भवती है।

नाबालिग ने बताया कि उसने दो दिन पहले दर्द निवारक दवा का सेवन किया था, जिसके बाद उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए तत्काल प्रसव कराया, जिसमें मृत नवजात का जन्म हुआ। फिलहाल नाबालिग की हालत स्थिर बताई जा रही है।

अस्पताल प्रबंधन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लेमरू थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ में सामने आया कि गांव के ही सुरेश कुमार (19) ने नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ संबंध बनाए थे।

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।