कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में 40 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले महिला ने अपने मोबाइल से एक वीडियो बनाया और उसे अपनी बहनों को भेजा। वीडियो में उसने कथित तौर पर कहा कि वह बेइज्जत होकर नहीं जी सकती। घटना के बाद उसके कमरे की दीवार पर लिखा एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपनी बहू को मौत के लिए जिम्मेदार बताया है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान लक्ष्मी मानिकपुरी के रूप में हुई है। वह लक्ष्मणबंध इलाके में रहती थी, जबकि उसका मायका आरामशीन पारा बस्ती में बताया गया है।
दीवार पर लिखा- बहू और मायके वाले मेरी मौत के जिम्मेदार
पुलिस को कमरे की दीवार पर लिखा सुसाइड नोट मिला है। इसमें लक्ष्मी ने लिखा कि “पूर्णिमा और उसके मायके वाले मेरी मौत का कारण हैं। मेरे पति का कोई हाथ नहीं है। मेरे बच्चे को मेरे पति के हाथ सौंपकर जा रही हूं।”
सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। महिला द्वारा आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो की भी जांच की जा रही है।
बेटे और बहू से अक्सर होता था विवाद
परिजनों के मुताबिक, लक्ष्मी का अपनी बहू पूर्णिमा महंत से अक्सर विवाद होता था। पूर्णिमा के पति संजय दास एक निजी कंपनी में काम करते हैं। दंपती का करीब तीन साल का बेटा भी है।
बताया गया है कि घटना से कुछ समय पहले घर में पति, बेटे और बहू के बीच विवाद हुआ था। कहासुनी बढ़ने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। इस विवाद का एक वीडियो भी सामने आया है।
कोरोना काल में हुई थी पहले पति की मौत
जानकारी के मुताबिक, कोरोना काल में लक्ष्मी के पहले पति की मौत हो गई थी। पहले पति से उसके दो बेटे हैं। इसके बाद लक्ष्मी ने 13 जून 2025 को कार्तिक दास से दूसरी शादी की थी। शादी सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार भवन में हुई थी।
कार्तिक दास ठेकेदारी का काम करते हैं। उनकी पहली पत्नी से भी दो बेटे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।
फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट, वीडियो और पारिवारिक विवाद से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।











