Thursday, March 12, 2026

कोरबा में स्वास्थ्य शिविर से लौटते समय डॉक्टर पर हमला, मामला दर्ज

कोरबा। जिले के गेवरा-दीपका क्षेत्र में स्थित नेहरू शताब्दी अस्पताल (एनसीएच) गेवरा के चिकित्सक डॉ. अर्पण विश्वास पर सोमवार को हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर डॉ. विश्वास ने हरदीबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रलिया में सीएसआर के तहत एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर के दौरान इलाज के लिए पहुंचे गांव के रामनारायण पटेल को डॉ. अर्पण विश्वास ने लाइन में खड़े होकर उपचार कराने की बात कही। इस पर रामनारायण पटेल ने आपत्ति जताई और कथित रूप से बाद में देख लेने की धमकी दी।

शिविर से लौटते समय हमला

आरोप है कि शिविर समाप्त होने के बाद जब डॉक्टर, अस्पताल स्टाफ और एम्बुलेंस कर्मी वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में रामनारायण पटेल, नीरज पटेल और उनके दो अन्य साथियों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने डॉ. अर्पण विश्वास के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की। इस हमले में डॉक्टर की आंख, सीने और पीठ में चोटें आई हैं।

डॉक्टर ने भागकर बचाई जान

घटना के बाद डॉक्टर और स्टाफ किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकले और दीपका थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। हरदीबाजार थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115 (2), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

चिकित्सकों में आक्रोश, गिरफ्तारी की मांग

इस घटना से चिकित्सा कर्मियों में रोष व्याप्त है। नेहरू शताब्दी अस्पताल के सीएमएस डॉ. कल्याण सरकार ने मानव संसाधन स्टाफ ऑफिसर, गेवरा को भी इस संबंध में लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, घटना की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।