Friday, April 3, 2026

कोरबा में हनुमान जयंती कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा, करतब दिखाते समय महिला समेत 3 झुलसे

कोरबा। जिले में हनुमान जयंती के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। करतब दिखाते समय एक महिला कलाकार आग की चपेट में आ गई। उसे बचाने पहुंचे दो अन्य साथी भी आग की लपटों में घिर गए। इस हादसे में तीनों गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

घटना रजगामार चौकी क्षेत्र के मेन क्लब एरिया की है, जहां हनुमान सेवा समिति द्वारा गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा था। दिन में भंडारा और पूजा-पाठ के बाद शाम को भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

देवी-देवताओं का रूप धरकर कर रहे थे प्रदर्शन

शोभायात्रा में दुर्ग से आए कलाकार आकर्षक प्रस्तुतियां दे रहे थे। करीब 6-7 कलाकार भगवान शंकर, हनुमान जी, दुर्गा माता और काली माता का रूप धारण कर हैरतअंगेज करतब दिखा रहे थे।

ज्वलनशील पदार्थ से खेलते समय हुआ हादसा

प्रदर्शन के दौरान कलाकार मुंह में ज्वलनशील पदार्थ लेकर आग के साथ करतब दिखा रहे थे। इसी दौरान काली माता का रूप धारण किए महिला कलाकार अचानक आग की चपेट में आ गई। आग लगते ही वह घबराकर इधर-उधर भागने लगी।

उसे बचाने के लिए दौड़े दो साथी भी आग की चपेट में आ गए, जिससे तीनों गंभीर रूप से झुलस गए।

गंभीर हालत में भिलाई रेफर

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाई और घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भिलाई रेफर कर दिया गया है।