Wednesday, May 13, 2026

कोरबा में हाथियों का आतंक बढ़ा, किसानों की बाड़ी उजाड़ी; वन विभाग अलर्ट

कोरबा। जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत जटगा रेंज में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। मेड़उड़ पहाड़ क्षेत्र में 48 हाथियों का बड़ा दल विचरण कर रहा है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। हाथियों के झुंड से अलग होकर कुछ हाथी लगातार ग्रामीण इलाकों में पहुंच रहे हैं और किसानों की बाड़ी को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

बीती रात एक दर्जन से अधिक हाथी झुंड से अलग होकर पहाड़ से नीचे उतर आए और जटगा क्षेत्र में दो ग्रामीणों की बाड़ी को तहस-नहस कर दिया। हाथियों ने सब्जियों और अन्य फसलों को रौंद दिया, जिससे किसानों को हजारों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

ग्रामीणों के मुताबिक हाथियों का दल पूरी रात क्षेत्र में घूमता रहा और उत्पात मचाता रहा। सुबह होते ही हाथी फिर से मेड़उड़ पहाड़ की ओर लौट गए और अपने झुंड में शामिल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है।

वन विभाग अधिकारियों का कहना है कि मेड़उड़ पहाड़ हाथियों का स्थायी रहवास क्षेत्र बन चुका है। पिछले कुछ दिनों तक हाथी शांत थे, लेकिन बीते एक सप्ताह से फिर से ग्रामीण क्षेत्रों में आकर नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है।

इधर Korba Forest Division के कुदमुरा रेंज में भी तीन हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। गीतकुंआरी के पास जंगल में घूम रहे इन हाथियों ने फिलहाल कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है, लेकिन संभावित खतरे को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।

लगातार हो रहे नुकसान से ग्रामीणों में भय और नाराजगी दोनों बढ़ रहे हैं। लोगों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने और प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने की मांग की है।