Tuesday, June 23, 2026

कोरबा में हाथी का कहर: जंगल गई वृद्ध महिला को कुचलकर मार डाला, गांव में मातम

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कटघोरा वन मंडल के केंदई वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पतुरियाडांड में एक लोनर हाथी के हमले से 70 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम पतुरियाडांड निवासी सुखमत बाई (70 वर्ष) सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे जंगल में डोरी बिनने के लिए गई थी। इसी दौरान क्षेत्र में विचरण कर रहे एक अकेले हाथी ने अचानक हमला कर दिया। हाथी ने वृद्धा को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, उक्त लोनर हाथी दो दिन पहले सरगुजा वनमंडल से भटकते हुए कटघोरा वन मंडल के केंदई क्षेत्र में पहुंचा था। हाथी लगातार क्षेत्र में अकेले विचरण कर रहा था और उसकी गतिविधियों पर विभाग की निगरानी भी की जा रही थी, बावजूद इसके यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही केंदई वन परिक्षेत्र का अमला मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। साथ ही वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगलों में जाते समय विशेष सतर्कता बरतें और हाथी की मौजूदगी वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।

इस घटना ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है।