Thursday, March 12, 2026

कोरबा में 18 जनवरी को छत्तीसगढ़ी व्यंजनों और संस्कृति का महाकुंभ, माई G फाउंडेशन करेगा भव्य आयोजन

कोरबा। छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्वाद को जन-जन तक पहुंचाने और छत्तीसगढ़ी संस्कृति व धरोहर के संरक्षण-संवर्धन के उद्देश्य से माई G फाउंडेशन सोसायटी द्वारा इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी 18 जनवरी 2026, रविवार को ओपन थिएटर, घंटाघर कोरबा में सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक कार्यक्रम आयोजित होगा।

इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू और स्वाद से सजी व्यंजनों की बगिया दर्शकों को आकर्षित करेगी। यहां चीला, फरा, अइरसा, पीडिया, पपची, देहरौरी, बड़ी, बिजौरी, दही मिर्ची सहित अनेक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे।

प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की भरमार

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा, जिनमें फुगड़ी, खो-खो, कुर्सी दौड़, पतंग उड़ाओ प्रतियोगिता शामिल हैं। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ी वेशभूषा प्रतियोगिता और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की थाली सजाओ प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिताओं का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।

शाम 4 बजे से लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी, जिसमें प्रसिद्ध लोकगायिका पूजा दीवान द्वारा पंडवानी की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों द्वारा छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत और नृत्य, जैसे सुआ, गेड़ी, करमा, ददरिया, छेरछेरा आदि की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

महिलाओं को स्वावलंबी बनाने का प्रयास

समिति की अध्यक्ष श्रीमती निधि तिवारी ने तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि माई G फाउंडेशन की स्थापना वर्ष 2021 में हुई थी। वर्तमान में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी करीब 350 महिलाएं समिति से जुड़कर कार्य कर रही हैं। समिति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से स्वावलंबी बनाना है। इसके लिए महिलाओं को 70 से अधिक प्रकार के व्यंजन, साथ ही साबुन, अगरबत्ती, गोबर से बने दिए और मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 18 जनवरी के कार्यक्रम में समिति से जुड़ी नहीं होने वाली महिलाएं भी 1000 रुपये शुल्क जमा कर स्टॉल लगाकर भाग ले सकती हैं, जबकि समिति की सदस्य महिलाओं के लिए यह सुविधा निशुल्क रहेगी।

पत्रकार वार्ता में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति की सचिव हेमा शर्मा, संरक्षिका होमा खान, उपाध्यक्ष श्रद्धा बुंदेला, कोषाध्यक्ष पुष्पा तिवारी, सहसचिव रौशनी तिवारी एवं मीडिया प्रभारी रूपा तिवारी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।