कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलगड़ी बस्ती में एक 19 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना होली से एक दिन पहले की बताई जा रही है। युवती की पहचान ललिता गभेल के रूप में हुई है, जो मानिकपुर स्थित एक निजी आयुष्मान अस्पताल में कार्यरत थी।
मिली जानकारी के अनुसार ललिता गभेल ड्यूटी से घर लौटने के बाद अपने परिवार के साथ होली खेली थी। इसके बाद अगले दिन वह कपड़े बदलने के बहाने अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को संदेह हुआ।
परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो ललिता फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर जीवित समझते हुए अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि ललिता अपने पिता जीवन गभेल की तीन संतानों में सबसे बड़ी थी। उसने 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद एक निजी कॉलेज में दाखिला लिया था और साथ ही निजी अस्पताल में काम भी कर रही थी।
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने मृतका के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।






