knn24news/ राज्य में टीके की कमी के बीच जिले में पिछले 3-4 दिनाें से टीकाकरण प्रभावित हाेने लगा है, जिससे एक ओर काेराेना संक्रमण का ग्राफ बढ़ रहा है। दूसरी ओर टीकाकरण की रफ्तार कम हाे गई है। साेमवार काे रायपुर से जिले काे 12 हजार टीके मिले थे, जाे सभी ब्लॉक में भेज दिए गए थे। मंगलवार काे 96 सेंटर में वैक्सीनेशन किया गया, जिससे एक ही दिन में टीके खत्म हाे गए।
बुधवार काे पाेड़ी-उपराेड़ा ब्लाक में 14 साै टीके स्टाॅक में उपलब्ध थे, जो लगाए गए। बाकी काेरबा समेत चाराें ब्लाॅक के सभी वैक्सीनेशन सेंटर बंद रहे। इन सेंटराें में टीके लगवाने पहुंचने वाले लाेगाें काे लाैटना पड़ा। जिला अस्पताल में बने वैक्सीनेशन सेंटर में दाेहपर 3 बजे पहुंचे सतरेंगा निवासी 60 वर्षीय रामसिंह को निराश हाेकर लाैटना पड़ा। उसने बताया कि वह पहले अजगरबहार सेंटर गया था। वहां ताला बंद हाेने पर वह जिला अस्पताल आया था, लेकिन यहां का सेंटर भी बंद मिला। कर्रानाला के बुजुर्ग फोटोलाल डहरिया के मुताबिक वह टीका लगवाने जाना चाहते हैं, लेकिन टीके खत्म हाेने का पता चलने पर अभी नहीं जाएंगे। बरबसपुर के अरूण पटेल के अनुसार बुधवार काे वे काेरबा के पीएचसी (धरम अस्पताल) में टीका लगवाने पहुंचे थे, जहां टीका खत्म हाेना बताकर दूसरे दिन आने काे कहा गया।
अब तक 1.40 लाख काे लगा काेराेना टीका
जिले में 16 जनवरी से टीकाकरण शुरू हुआ है, लेकिन बुजुर्ग 45 साल से अधिक उम्र के बीमार लाेगाें के लिए 1 मार्च से टीका लगने की शुरुआत हुई। वहीं 45 साल से ऊपर के सामान्य लाेगाें काे 1 अप्रैल से टीका लग रहा है। जिले में अब तक 1 लाख 40 हजार लाेगाें काे टीका लग चुका है। 112 सेंटर के जरिए एक दिन में अधिकतम 19 हजार लाेगाें काे टीका लगाया गया था।
36 हजार डाेज पहुंचेगा, गुरुवार से सभी सेंटर में लगेगा टीका
सीएमएचओ डाॅ. बीबी बोर्डे के मुताबिक रायपुर से जिले काे 36 हजार डाेज उपलब्ध हाे गया है, जाे बुधवार की देर रात तक पहुंच जाएगा। इसके बाद गुरुवार से सभी सेंटर में टीका लगेगा।








