कोरबा, 01 मार्च। सर्वमंगला फाटक के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय एक ट्रक चालक मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक की पहचान बरमपुर निवासी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार युवक फाटक के पास खदान से सटे रास्ते से रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी अचानक मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे के बाद वह खून से लथपथ गंभीर हालत में ट्रैक के पास पड़ा मिला।
फाटक पर तैनात गेटमैन ने घायल युवक को देखा और तुरंत इसकी सूचना सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अपने वाहन से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में दाहिना पैर कटा, हालत नाजुक
चौकी प्रभारी विभव तिवारी ने बताया कि हादसे में युवक का दाहिना पैर कट गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है।
फिलहाल युवक बोलने की स्थिति में नहीं है, इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने आत्महत्या के इरादे से मालगाड़ी के सामने छलांग लगाई थी या यह एक हादसा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।








