कोरबा। कोरबा स्थित ईएसआईसी अस्पताल में पदस्थ 30 वर्षीय डॉक्टर एल्विन ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस वक्त हुई, जब डॉक्टर ड्यूटी के लिए ओपीडी नहीं पहुंचे। स्टाफ ने उनके क्वार्टर पर पहुंचकर आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद खिड़की तोड़कर कर्मचारी अंदर दाखिल हुए तो बाथरूम में डॉक्टर का शव नायलॉन की रस्सी के फंदे से लटका मिला।
पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर के हाथ पर ब्लेड से काटने के निशान भी मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
शादी की तैयारियों के बीच टूटा रिश्ता
बताया जा रहा है कि केरल के पालक्काड निवासी डॉ. एल्विन ने कोयंबटूर से एमबीबीएस की पढ़ाई की थी। करीब एक साल पहले उनकी पदस्थापना कोरबा के ईएसआईसी अस्पताल में हुई थी। परिजनों और परिचितों के अनुसार, डॉक्टर का कोयंबटूर निवासी एक युवती से करीब दो साल से प्रेम संबंध था।
दोनों शादी करने वाले थे। इसके लिए 12 अगस्त को चर्च में शादी का आवेदन भी दिया गया था। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया और रिश्ता टूट गया। बताया जा रहा है कि इस घटना से डॉक्टर काफी परेशान थे।










